आंकड़े: टेस्ट पारी में सबसे तेज़ 50, 100 और 200 बनाने वाली टीम बनी भारत
भारत को रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने आतिशी शुरुआत दी
संपत बंडारूपल्ली
30-Sep-2024
यशस्वी जायसवाल ने अपना अर्धशतक पूरा करने में सिर्फ़ 31 गेंदें लीं • BCCI
बारिश और गीले मैदान के कारण दो दिन रद्द रहने के बाद कानपुर टेस्ट जब चौथे दिन फिर से शुरू हुआ, तो भारतीय टीम ने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। पहले भारतीय गेंदबाज़ों ने बांग्लादेश को सिर्फ़ 233 के स्कोर पर रोक दिया, वहीं भारतीय बल्लेबाज़ों ने T20 स्टाइल में तेज़ी से रन बनाते हुए सबसे तेज़ 50, 100 और 200 रनों के भी रिकॉर्ड बना डाले। आइए देखते हैं कि मैच के चौथे दिन और क्या-क्या रिकॉर्ड बने।
1 - भारत के 100 रन सिर्फ़ 10.1 ओवर में आए, जो कि किसी भी टेस्ट पारी में सबसे तेज़ 100 का विश्व रिकॉर्ड है। भारत ने इस मामले में अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा। इससे पहले 2023 के पोर्ट ऑफ़ स्पेन टेस्ट में भारत ने 12.2 ओवर में यह उपलब्धि हासिल की थी।
3.0 - भारत को 50 रन पूरे करने में सिर्फ़ तीन ओवर लगे, जो कि सबसे तेज़ 50 रन का विश्व रिकॉर्ड है। इस संबंध में भारत ने इंग्लैंड के रिकॉर्ड को तोड़ा। इंग्लैंड ने इसी साल वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ खेले गए नॉटिंघम और बर्मिंघम टेस्ट में 4.2 ओवर में यह उपलब्धि हासिल की थी।
0 - यह पहली बार है, जब भारतीय टीम ने किसी भी अंतर्राष्ट्रीय मैच में 50 रन के स्कोर को 20 गेंदों के भीतर ही प्राप्त किया है। इससे पहले 2023 के एशियाई खेलों के सेमीफ़ाइनल में भारत ने बांग्लादेश के विरूद्ध यह उपलब्धि 22 गेंदों (3.4 ओवर) में हासिल की थी।
ESPNcricinfo Ltd
14.34 - यशस्वी जायसवाल और रोहित शर्मा के बीच 55 रन की साझेदारी सिर्फ़ 23 गेंदों में आई, जहां स्कोरिंग रेट 14.34 रहा। रन रेट के मामले में यह दुनिया की सबसे तेज़ 50+ की साझेदारी है। इससे पहले यह रिकॉर्ड बेन डकेट और बेन स्टोक्स के नाम था, जब उन्होंने इसी साल वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ बर्मिंघम में 44 गेंदों में 87 रन जोड़े थे। इस दौरान उनका स्कोरिंग रेट 11.86 रन प्रति ओवर था।
90 - इस साल खेले आठ टेस्ट में भारतीय टीम ने 90 छक्के लगाए हैं, जो कि किसी एक कैलेंडर ईयर में विश्व में सर्वाधिक है। उन्होंने इंग्लैंड के 89 छक्कों के रिकॉर्ड को तोड़ा, जो उन्होंने 2022 में बनाया था।
4 - यह सिर्फ़ चौथी बार हुआ, जब किसी भी बल्लेबाज़ ने अपनी टेस्ट पारी की पहली दो गेंदों में दो छक्के लगाए हों। रोहित शर्मा ने कानपुर में ऐसा ख़ालिद अहमद की गेंद पर किया। इससे पहले सचिन तेंदुलकर (बनाम नेथन लायन, चेपॉक टेस्ट, 2013) और उमेश यादव (बनाम जॉर्ज लिंड, रांची टेस्ट, 2019) ऐसा कर चुके हैं। सबसे पहले ऐसा 1948 के वेस्टइंडीज़ बनाम बारबेडोस टेस्ट में हुआ था, जब वेस्टइंडीज़ के फ़ोफ़ी विलियम्स ने जिम लेकर के ख़िलाफ़ लगातार दो गेंदो में दो छक्के लगाए थे।