मैच (16)
IPL (2)
त्रिकोणीय वनडे सीरीज़, श्रीलंका (1)
HKG T20 (2)
Women's PL (2)
County DIV1 (3)
County DIV2 (2)
Women's One-Day Cup (4)
ख़बरें

राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच बने राहुल द्रविड़

इससे पहले वह 2011 से 2015 तक भी इस फ़्रैंचाइज़ी के साथ जुड़े थे

Jake Lush McCrum presents Rahul Dravid with the Rajasthan Royals jersey, September 4, 2024

रॉयल्स स्पोर्ट्स ग्रुप के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेक लश मक्रम के साथ द्रविड़  •  Rajasthan Royals

हाल ही में भारतीय टीम को T20 विश्व कप का ख़िताब जिताने वाले राहुल द्रविड़ को राजस्थान रॉयल्स (RR) का प्रमुख कोच बनाया गया है। वह इससे पहले भी 2011 से 2015 के बीच इस फ़्रैंचाइज़ी से जुड़े थे। तब उन्होंने पहले कप्तान और फिर टीम के मुख्य कोच व मेंटॉर की भूमिका निभाई थी।
द्रविड़ तत्काल रूप से RR से जुड़ रहे हैं और उनकी पहली चुनौती बड़ी नीलामी होगी, जिसके दिसंबर में होने के आसार हैं। वह रॉयल्स के क्रिकेट निदेशक कुमार संगकारा के साथ मिलकर फ्रेंचाइजी की समग्र क्रिकेट रणनीति भी बनाएंगे।
51 साल के द्रविड़ ने 2014 में RR के साथ ही अपने कोचिंग करियर की शुरुआत की थी, जब उन्होंने कप्तान के रूप में सेवा देने के बाद टीम के मेंटॉर की भूमिका निभाई थी। 2016 में वह दिल्ली डेयरडेविल्स (अब कैपिटल्स) से जुड़े। इसके बाद 2019 में वह राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) और फिर भारतीय पुरुष अंडर-19 टीम से जुड़े और उन्हें 2018 में अंडर-19 विश्व कप का ख़िताब दिलाया।
2021 में वह भारतीय टीम के मुख्य कोच बने थे और उनके ही कार्यकाल में भारतीय टीम ने ICC ट्रॉफ़ी का सूखा समाप्त किया। द्रविड़ के कार्यकाल में भारत टेस्ट, वनडे और T20I रैंकिंग में शीर्ष पर भी पहुंचा।
RR में वापसी के बाद द्रविड़ ने कहा, "मैं फ्रेंचाइजी में वापसी कर बहुत ख़ुश हूं और यह मेरे 'घर' जैसा है। विश्व कप के बाद मेरे लिए एक और चुनौती लेने का यह सही समय है और रॉयल्स इसके लिए सबसे उपयुक्त स्थान है। पिछले कुछ वर्षों में फ़्रैंचाइज़ी ने जो प्रगति की है, उसमें टीम प्रबंधन का बहुत सारा कठिन परिश्रम शामिल है। हमारे पास जो प्रतिभा और संसाधन हैं, उनके साथ मैं इस टीम को अगले स्तर पर ले जाने के लिए तत्पर हूं।"
रॉयल्स परिवार में द्रविड़ का स्वागत करते हुए, रॉयल्स स्पोर्ट्स ग्रुप के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जेक लश मैक्रम ने कहा, "हम राहुल को फ्रेंचाइजी में वापस लाकर बहुत खुश हैं। भारतीय क्रिकेट में उन्होंने जो बदलाव किए हैं, वे उनकी कोचिंग क्षमताओं का प्रमाण हैं। उनका फ्रेंचाइजी के साथ गहरा जुड़ाव है, और हमने सभी बातचीत में उनका जुनून महसूस किया है। उनके पास युवा और अनुभवी प्रतिभाओं से सर्वश्रेष्ठ निकालने की विशेषज्ञता है, और जिन मूल्यों के साथ वे काम करते हैं, वे हमारी फ्रेंचाइजी के साथ पूरी तरह मेल खाते हैं। सोशल मीडिया पर एक नजर डालने से ही पता चलता है कि हमारे प्रशंसक उन्हें वापस देखकर बहुत उत्साहित होंगे।"
वहीं रॉयल्स के क्रिकेट निदेशक कुमार संगकारा ने फ़्रैंचाइज़ी में द्रविड़ का स्वागत करते हुए कहा, "राहुल इस खेल के महानतम खिलाड़ियों में से एक हैं, लेकिन पिछले एक दशक में एक कोच के रूप में जो कुछ उन्होंने हासिल किया है, वह असाधारण है। युवा प्रतिभाओं को निखारने के लिए एक कोच के रूप में उनके पास जो गुण हैं, वह राजस्थान रॉयल्स को ख़िताब जीतने में मदद कर सकता है। मैंने उनके साथ इस टीम के लिए उनके दृष्टिकोण के बारे में पहले ही बातचीत की है और वह रॉयल्स के लिए अपेक्षित परिणाम देने के लिए उत्साहित हैं।"