मुंबई को हराकर फ़ाइनल में पहुंची विदर्भ, दुबे बड़े रिकॉर्ड के क़रीब
रणजी ट्रॉफ़ी के एक सीज़न में सर्वाधिक 68 विकेट का रिकॉर्ड बिहार के आशुतोष अमन के नाम है
सैयद हुसैन
21-Feb-2025
हर्ष दुबे फ़ाइनल में एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं • PTI
विदर्भ 383 (मालेवर 79, शोरे 74, दुबे 5-49) और 292 (राठौड़ 151, वाडकर 52, मुलानी 6-85) ने मुंबई 270 (आनंद 106, रेखाड़े 4-55) और 325 (शार्दुल 66, मुलानी 46, दुबे 5-127) को 80 रन से दी मात
शार्दुल ठाकुर का जुझारू अर्धशतक भी मुंबई की हार नहीं टाल पाया और आख़िरकार मौजूदा रणजी चैंपियन मुंबई को विदर्भ के हाथों हार मिली है।
विदर्भ के लिए पिछले कुछ सीज़न शानदार रहे हैं। उन्होंने अपने पिछले तीन रणजी ट्रॉफ़ी फ़ाइनल में दो बार जीत हासिल की है। विदर्भ के बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे ने इस सीज़न अपना सातवां पांच विकेट हॉल हासिल किया है, और अब तक वह 66 विकेट ले चुके हैं। रणजी के एक सीज़न में फ़िलहाल बिहार के स्पिनर आशुतोष अमन के नाम सर्वाधिक 68 विकेट का रिकॉर्ड है, जो फ़ाइनल में दुबे तोड़ सकते हैं।
पांचवें और आख़िरी दिन मुंबई के ख़िलाफ़ विदर्भ के लिए जीत महज़ औपचारिकता थी, जब शुरुआत में ही सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे पवेलियन लौट गए थे। मुंबई का स्कोर 124 पर 6 हो गया था। हालांकि इसके बाद शार्दुल ने एक बार फिर साहसिक पारी खेली और अर्धशतक भी जड़ा लेकिन ये काफ़ी नहीं था।
शार्दुल के आउट होने के बाद भी मुंबई ने हिम्मत नहीं छोड़ी थी, यहां तक कि मोहित अवस्थी और रॉयस्टन डियास ने आख़िरी विकेट के लिए 52 रन जोड़े। लेकिन ये महज़ हार के अंतर को कम करने के ही काम आया, आख़िरकार मुंबई लक्ष्य से 80 रन दूर रह गई।
रणजी ट्रॉफ़ी का फ़ाइनल अब 26 फ़रवरी से से 2 मार्च के बीच पहली बार फ़ाइनल में पहुंची केरल और विदर्भ के बीच खेला जाएगा। केरल ने सेमीफ़ाइनल में पहली पारी में मिली बढ़त के आधार पर गुजरात को शिकस्त दी है।
सैयद हुसैन ESPNCricinfo हिंदी में एंकर कम प्रोड्यूसर हैं।@imsyedhussain