मैच (14)
IPL (3)
BAN vs ZIM (1)
त्रिकोणीय वनडे सीरीज़, श्रीलंका (1)
County DIV1 (3)
County DIV2 (2)
Women's One-Day Cup (4)
फ़ीचर्स

कैसे शॉर्ट गेंदों के ख़िलाफ़ कमज़ोरी को शिवम दुबे ने बनाई अपनी मज़बूती

दुबे का खेल शॉर्ट गेंदों के ख़िलाफ़ सुधरा है और वे अब इन गेंदों को डिफ़ेंड करने की बजाय रन बनाने के लिए जाते हैं

Shivam Dube had to endure through a bouncer barrage, Chennai Super Kings vs Royal Challengers Bengaluru, IPL 2024, Chennai, March 22, 2024

शिवम दुबे का शॉर्ट गेंदों के ख़िलाफ़ खेल सुधरा है  •  AFP/Getty Images

चेन्नई के लोकल और तमिलनाडु टीम के कप्तान आर साई किशोर ने जब चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाज़ आजिंक्य रहाणे को स्टंप आउट किया तो चेपॉक की 33,400 की भीड़ स्तब्ध रह गई। तब तक साई किशोर ने 2.1 ओवर डाले थे और बिना कोई बाउंड्री खाए 13 रन देते हुए एक विकेट लिए थे।
हालांकि शिवम दुबे को इन आंकड़ों को बदलने में बस दो गेंदे लगीं। उन्होंने अपनी पहली दो गेंदों पर लगातार दो छक्के लगाए और भीड़ शोर मचाने लगी। यह शोर 127 डेसिबल की थी, जो बाद में एमएस धोनी के कैच पर उठे शोर से भी अधिक थी।
दुबे के ये दोनों छक्के बताते हैं कि वह स्पिन के विरूद्ध कितने घातक हैं। इसके बाद उन्होंने राशिद ख़ान को निशाना बनाया और उनकी गुगली गेंद पर लांग ऑन की दिशा में छक्का जड़ा। दुबे को इस बात पर अधिक फ़र्क नहीं पड़ता कि कोई स्पिनर गेंद को उनसे दूर ले जा रहा है या उनके लिए अंदर ला रहा है। उन्होंने अब तक 10 गेंदें खेली थीं और उनके नाम 24 रन थे।
IPL 2022 नीलामी में ख़रीदने के बाद चेन्नई ने दुबे का प्रयोग स्पिन के विरूद्ध एक विशेषज्ञ के रूप में किया है। IPL 2022 से उनका स्पिन के विरूद्ध स्ट्राइक रेट 162.56 का है, जो भारतीय बल्लेबाज़ों में सर्वश्रेष्ठ है। सिर्फ़ हाइनरिक क्लासन (192.85) और ग्लेन मैक्सवेल (176.56) ने उनसे बेहतर किया है।
दुबे एक लंबे कद के खिलाड़ी है और उनकी पहुंच आम बल्लेबाज़ों से थोड़ी अधिक है। इसके अलावा वह अपने शॉट को पॉवर देना भी जानते हैं। 2022 से दुबे ने 57 छक्के लगाए हैं, जो कि सिर्फ़ जॉस बटलर (59) से कम है।
हालांकि दुबे की कुछ कमियां भी हैं। वह अत्यधिक तेज़ गेंदबाज़ों के सामने अपने आपको असहज महसूस करते हैं। हालांकि चेन्नई उन्हें अब बीच के ओवरों में उतारता है, जहां पर स्पिनर और मध्यम तेज़ गेंदबाज़ ही अधिकतर गेंदबाज़ी करते हैं। हालांकि इस साल एक ओवर में दो बाउंसर के नियम ने उन पर एक नई चुनौती फेंकी है।
इस सीज़न रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के ख़िलाफ़ पहले मैच में जब दुबे बल्लेबाज़ी करने आए तो विपक्षी कप्तान फ़ाफ़ डुप्लेसी ने अल्ज़ारी जोसेफ़ को आक्रमण पर लगाया। यहां तक कि कैमरन ग्रीन ने भी उन पर शॉर्ट गेंदों का इस्तेमाल किया।
शॉर्ट गेंदें दुबे की कमज़ोरी है, लेकिन दुबे ने उस दिन उन शॉर्ट गेंदों का भई सामना किया और चेन्नई को जीत तक ले गए। मंगलवार को ऑस्ट्रेलियाई तेज़ गेंदबाज़ स्पेंसर जॉनसन ने भी दुबे को शॉर्ट गेंदों से दुबे को निशाना बनाने की कोशिश की। लेकिन दुबे इसके लिए तैयार थे और उन्होंने कंधे तक आई बाउंसर को लांग लेग पर छक्के के लिए हुक कर दिया। अंत में मोहित शर्मा ने भी उन पर स्लोअर शॉर्ट गेंद का प्रयोग किया, लेकिन दुबे ने चतुराई से उसको शॉर्ट फ़ाइन लेग और डीप स्क्वेयर लेग के बीच बने गैप में चौके के लिए स्टीयर कर दिया।
कुल मिलाकर मंगलवार को दुबे ने 13 शॉर्ट गेंदों पर 23 रन बनाए। उन्होंने 23 गेंदों पर 51 रनों की पारी 221.73 के स्ट्राइक रेट पर समाप्त की। दो साल पहले तक दुबे इन्हीं शॉर्ट गेंदों को डक करते थे या फिर उन्हें रक्षात्मक ढंग से खेलते थे। लेकिन अब वह शॉर्ट गेंदों पर रन बनाने के लिए देखते हैं।
मैच के बाद दुबे ने कहा, "मुझे पता था कि वे मुझे शॉर्ट गेंदें करेंगे, लेकिन मैं इसके लिए तैयार था। मैंने इस पर काफ़ी काम किया है, जिसका मुझे फ़ायदा भी हो रहा है। चेन्नई टीम प्रबंधन भी मुझसे यही चाहती है कि मैं बीच में जाऊं और ऊंचे स्ट्राइक रेट पर रन बनाऊं। मैं बस वही कोशिश करता हूं"

देवरायण मुथु ESPNcricinfo में सब एडिटर हैं