'छोटे जोखिम, बड़े ईनाम' के साथ गिल और सुदर्शन का मास्टरक्लास जारी
GT के ओपनर्स दिखा रहे हैं कि कैसे संयम खोए बिना भी T20 में मिल सकती है सफलता
B Sai Sudharsan और Shubman Gill की ओपनिंग जोड़ी लगातार कर रही है कमाल • BCCI
"जितना बड़ा जोखिम, उतना बड़ा इनाम" - यह मंत्र अधिकांश लोगों को पता है। लेकिन गुजरात टाइटंस (GT) के ओपनर्स शुभमन गिल और बी साई सुदर्शन इस कहावत को नए सिरे से परिभाषित कर रहे हैं। वे यह साबित कर रहे हैं कि बड़े इनामों के लिए हमेशा बड़े जोखिम उठाने की ज़रूरत नहीं होती।
सोमवार रात कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ उनका प्रदर्शन इसका सटीक उदाहरण था। जब गिल ने पावरप्ले के बाद की पहली ही गेंद पर मोइन अली को मिडविकेट के ऊपर से छक्का जड़ा, तब तक यह जोड़ी एक भी हवाई शॉट नहीं खेली थी। उन्होंने शांत और नियंत्रित तरीके से 45 रन जोड़ लिए थे, मौक़े चुनकर और अपनी सीमाओं में रहकर। पावरप्ले में दो बार 12 रन के ओवर आए, जो कि सतर्क बल्लेबाज़ी के बीच संतुलन बनाए रखने में मददगार रहे। इस तरह उन्होंने 75 गेंदों में 114 रनों की ओपनिंग साझेदारी कर एक मजबूत नींव रखी।
आज के T20 युग में, जहां स्ट्राइक रेट और छक्कों की गिनती सुर्खियां बटोरती है, गिल और साई सुदर्शन एक शांत क्रांति की अगुवाई कर रहे हैं। उनकी बल्लेबाज़ी में कोई दिखावा नहीं है। यह सुरुचिपूर्ण, विचारशील और कारगर है। एक ऐसा तरीका जो पुराने दौर जैसा लगता है… लेकिन फिर भी ख़तरनाक है।
GT के कप्तान के रूप में, गिल पर नेतृत्व और रन बनाने की दोहरी ज़िम्मेदारी है। इन दोनों को संतुलित रखना और फिर भी प्रदर्शन करना, अपने आप में खास है। IPL में शायद ही आप गिल को शुरुआती ओवरों में आक्रामक शॉट खेलते देखें। वह लय बनाते हैं। टाइमिंग से शुरुआत करते हैं, गैप्स में खेलते हैं और फिर गति बढ़ाते हैं। फ़ील्ड को पढ़ने, गेंदबाज़ों को नियंत्रित करने और आक्रमण के लिए सही समय चुनने की उनकी क्षमता उन्हें ख़ास बनाती है।
मोइन के ख़िलाफ़ वह सातवां ओवर इसका बेहतरीन उदाहरण था: पहली गेंद - फुल और फ्लोटेड - जिसे मिडविकेट के ऊपर से उड़ाया गया। दूसरी गेंद - हल्के हाथों से कीपर रहमानुल्लाह गुरबाज़ के पास से निकाली गई। तीसरी गेंद - अपेक्षित रूप से फुल और वाइड - को गिल ने अपनी मजबूत कलाई से लॉन्ग ऑन और डीप मिडविकेट के बीच से खींच दिया। इस ओवर से 17 रन आए, और GT ने 62 रन पर बिना किसी नुकसान के स्कोर करते हुए मैच पर पकड़ बना ली।
गिल की T20 शैली हमेशा ऐसी ही रही है। KKR के लिए खेलते समय पावरप्ले में उनका स्ट्राइक रेट 122 था, जो पावरप्ले के बाद के 123 से बहुत अलग नहीं था। भारत के लिए T20I में, पहले छह ओवरों में यह 122 है, जबकि बाद में यह 157 तक पहुंच जाता है। GT के लिए, शुरुआत में 130 और फिर फील्ड फैलने के बाद 140 तक। एक ऐसे प्रारूप में जहां अस्थिरता सामान्य है, उनकी निरंतरता बेहद कम आंकी गई है। ESPNcricinfo के टाइम आउट शो में आरोन फिंच ने कहा था कि गिल हमेशा नियंत्रण में बल्लेबाज़ी करते हुए नजर आते हैं, यह देखकर वे चकित थे।
दूसरे छोर पर हैं साई सुदर्शन। उतने ही स्थिर और अब लगातार रन बनाने वाले। गिल की तरह वे भी अपनी पारी को ठीक से गति देते हैं और अपनी भरोसेमंद बल्लेबाज़ी से टीम को मूल्य प्रदान करते हैं। ऐसा नहीं है कि वे तेज़ नहीं खेल सकते। IPL 2023 के फाइनल में उनकी 47 गेंदों पर 96 रनों की पारी कौन भूल सकता है? लेकिन उनके लिए नींव पहले आती है। इस सीज़न के आठ मैचों में उनके पांच अर्धशतक हैं, और वे 400 रन का आंकड़ा पार करने वाले पहले खिलाड़ी बने हैं - ऑरेंज कैप उन पर खूब जमती है।
सीज़न की शुरुआत में ESPNcricinfo ने उनकी साझेदारी को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) जैसी कहा था। पुराने तरीके से रन बनाना। यह दृष्टिकोण GT को तीन लाभ देता है। पहला, यह स्थिरता प्रदान करता है। IPL की टॉप ऑर्डर बल्लेबाज़ी में अक्सर नजरअंदाज़ की जाने वाली चीज़ (बस KKR को देखिए, जिनका इस सीज़न पहले विकेट का औसत सिर्फ 19 है)। GT शायद ही कभी 30 पर तीन विकेट गंवाती है। ऐसी नींव बाकी बल्लेबाज़ों जैसे कि नंबर तीन पर जॉस बटलर को अपने अंदाज़ में खेलने की छूट देती है। दूसरा, यह विपक्षी गेंदबाज़ों को थका देता है, क्योंकि उन्हें विकेट 'कमाने' के लिए मेहनत करनी पड़ती है। और तीसरा, यह तरीका अलग-अलग परिस्थितियों में दोहराए जा सकने वाला है। चाहे वे चेन्नई में खेलें, अहमदाबाद में या मुंबई में, तरीका नहीं बदलता।
आज के दौर में T20 क्रिकेट में यह भ्रम आम हो गया है कि पहले ओवर से ही आक्रामक शॉट जरूरी हैं। जबकि पावर-हिटिंग खेल का अहम हिस्सा है, लेकिन जो टीमें लगातार जीतती हैं, वे शुरुआत से ही संतुलन ढूंढ लेती हैं। गिल और साई सुदर्शन वही संतुलन प्रदान करते हैं। वे स्ट्राइक रेट के पीछे नहीं भागते, बल्कि हर गेंद की मेरिट पर खेलते हैं।
आधुनिक खिलाड़ी होने के बावजूद, उनके पास पारंपरिक मूल्यों की समझ है। इस सीजन में उनकी शांत लेकिन प्रभावशाली साझेदारी एक ताजगी भरा मोड़ रही है। जो लोग बल्लेबाज़ी की कला को पसंद करते हैं, उनके लिए इस जोड़ी से बेहतर कोई साझेदारी नहीं। साथ मिलकर, वे GT के लिए एक नया ब्लूप्रिंट बना रहे हैं। दिखा रहे हैं कि T20 क्रिकेट में बिना अपना संयम खोए कैसे सफल हो सकते हैं।
श्रेष्ठ शाह ESPNcricinfo में सब एडिटर हैं. @sreshthx