रोहित और सूर्यकुमार के स्पेशल शो से MI की लगातार तीसरी जीत
IPL 2025 में रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव की बेहतरीन पारियों ने मुंबई इंडियंस को बहुत बड़ी जीत दिलाई है
ESPNcricinfo स्टाफ़
20-Apr-2025
IPL 2025 में मुंबई इंडियंस की टीम ने चेन्नई सुपर किंग्स के ख़िलाफ़ काफ़ी बेहतरीन जीत दर्ज करते हए दो अहम अंक बटोर लिए हैं। इस मैच में रोहित शर्मा ने इस सीज़न का अपना पहला अर्धशतक लगाया और 45 गेंदो में 76 रनों की पारी खेली। साथ ही सूर्यकुमार यादव ने भी आतिशी पारी खेलते हुए , सिर्फ़ 30 गेंदों में 68 रन बनाए। इन दो पारियों ने 177 रनों के लक्ष्य को छोटा बना दिया और MI ने 15.4 ओवरों में ही मैच को ख़त्म कर दिया।
टॉस जीत कर पहले गेंदबाज़ी करते हुए, हार्दिक पंड्या की टीम ने CSK को सिर्फ़ 176 के स्कोर पर ही रोक दिया था। इसी पिच पर पिछले मैच में RCB की टीम ने 221 का स्कोर बनाया था, जिसमें डिफेंड करने के लिए उन्हें काफ़ी मशक्कत करनी पड़ी थी।
CSK की टीम की तरफ़ से शिवम दुबे, रवींद्र जाडेजा ने क्रमश: 50 और 53 रनों की पारी खेली। इसके अलावा डेब्यू कर रहे आयुष म्हात्रे ने 15 गेंदों में 32 रनों की आकर्षक पारी खेली। इन्हीं बल्लेबाज़ों की बदौलत CSK की टीम एक प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंचने में सफल रही। आयुष CSK की तरफ़ IPL में डेब्यू करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने।
MI की तरफ़ से ट्रेंट बोल्ट और अश्विन कुमार सबसे मंहगे गेंदबाज़ रहे, उन्होंने छह ओवरों में कुल 85 रन लुटाए। जबकि बाक़ी के गेंदबाज़ों ने 14 ओवरों में सिर्फ़ 85 रन ख़र्च किए। बीच के ओवरों में एक ऐसा समय भी आया था, जब CSK की टीम ने 27 गेंदों तक कोई चौका या सिक्सर नहीं लगाया। शायद यह एक बड़ा वजह थी, जिसके कारण CSK 200 के आंकड़े को पार नहीं कर पायी। इसके अलावा महेंद्र सिंह धोनी भी फ़िनिशर की भूमिका नहीं निभा पाए, जिसके कारण अंतिम के ओवरों में ज़्यादा रन नहीं आए।
इसके बाद 177 रनों का पीछा करने उतरी MI की टीम ने कभी भी ऐसा प्रतीत होने नहीं दिया कि वह CSK को कोई मौक़ा देने वाले हैं। पहले विकेट के लिए बेहतरीन साझेदारी करते हुए रायन रिकलटन और रोहित ने सिर्फ़ 6.4 ओवरों में 63 रन जोड़े। यहीं से मैच काफ़ी हद तक MI की झोली में दिखने लगा था।
CSK को एक मौक़ा मिल सकता था लेकिन उन्होंने रिव्यू नहीं लिया। पहले ओवर में खलील अहमद एक अंदर आती गेंद रिकलटन के पैड पर लगी थी लेकिन रिव्यू नहीं लिया गया। बाद में रिप्ले में दिखा कि वह गेंद लेग स्टंप को हिट करती।
इसके बाद जब सूर्यकुमार बल्लेबाज़ी करने आए तो वह एक अलग ही लय में थे। उन्होंने अपनी 68 रनों की पारी में 46 रन स्पिनरों के ख़िलाफ़ बनाए, जो यह साफ़ दर्शाता है कि उन्होंने चेन्नई की स्पिन तिकड़ी को काफ़ी अच्छा खेला और उनकी जमकर ख़बर ली।
सूर्यकुमार और रोहित के बीच 114 रनों की आतिशी साझेदारी हुई और सबसे बड़ी बात यह है कि यह साझेदारी 54 गेंदों में आई। इस जीत का सबसे मत्वपूर्ण पक्ष यह रहा कि MI का नेट रनरेट अब पिछली मैच की तुलना में लगभग दोगुना हो गया है।